
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार न्यूज़ चैनल जिला ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
Rampur: राष्ट्रीय ओरल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सक्सेना ने की, जबकि संचालन जिला सलाहकार डॉ. शहजाद हसन खान द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने उपस्थित सभी चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को ओरल हेल्थ के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि तंबाकू का सेवन मुंह के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू के उपयोग से विभिन्न प्रकार की गंभीर बीमारियां उत्पन्न हो सकती हैं, जिनसे बचाव के लिए जागरूकता एवं समय पर उपचार अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू निषेध एवं बेहतर मौखिक स्वास्थ्य बनाए रखने के उद्देश्य से शपथ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान जिला चिकित्सालय में कार्यरत समस्त चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों तथा अन्य स्टाफ ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और तंबाकू से दूर रहने तथा लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
