मुजफ्फरनगर। थाना बुढ़ाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गन्ने के खेत में संचालित अवैध असलाह फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में तैयार व अधबने तमंचे और देशी बंदूक बरामद की हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बुढ़ाना पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्राउन पब्लिक स्कूल से आगे मंदवाड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते के पास गन्ने के खेत में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से अवैध असलाह तैयार कर रहे आरोपी साबिर निवासी ग्राम पिठलौखर थाना सरधना, जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से बरामदगी:
6 तैयार देशी बंदूक
4 छोटी नाल वाली पौनिया असलाह
3 तैयार तमंचे
14 अधबने तमंचे
5 जिंदा कारतूस
असलाह बनाने के उपकरण
पंचायत चुनाव को लेकर बना रहे थे स्टॉक
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर अवैध असलाह तैयार करता है। आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए हथियारों की मांग बढ़ने की संभावना के चलते पहले से स्टॉक तैयार किया जा रहा था, ताकि मांग आते ही तुरंत सप्लाई की जा सके।
कई राज्यों में फैला नेटवर्क
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली में भी अवैध हथियार सप्लाई कर चुका है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
शातिर का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी पांच बार अवैध हथियार बनाने के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है और फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई से अवैध हथियारों के नेटवर्क को बड़ा झटका माना जा रहा है।



