गोंडा- गोंडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा अधिवक्ता की जान चली गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के बनकटवा ईदगाह के पास हुए इस हादसे में 27 वर्षीय अधिवक्ता प्रदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार अपनी अपाचे मोटरसाइकिल से बस्ती स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान अयोध्या की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार और अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रदीप कुमार गोंडा न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे और एक वर्ष पहले ही उनका विवाह हुआ था। वह अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना की सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस पर अधिवक्ताओं की भीड़ जुट गई, जहां सभी ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *