रिपोर्टर आकाश मिश्र
बहुआयामी समाचार

मितौली खीरी, 4 अप्रैल 2026। नीमगांव थाना क्षेत्र के सुनौरा गांव में अज्ञात कारणों के चलते आग लगने से पांच घरों में भारी नुकसान हुआ है।
पूरा मामला लखीमपुर खीरी जनपद के नीमगांव थाना के अंतर्गत सुनौरा गांव का है जहां गांव के ही निवासी जगदीश भार्गव, अजय भार्गव, राम सिंह और भूरे टेलर के घरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के कुछ समझ पाने से पहले ही आग तेजी से फैल चुकी थी। इस अग्निकांड में घरों के अंदर रखा घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन, अनाज और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनके पास अब कुछ भी नहीं बचा है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में भरसक सहयोग किया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था।
आग की तेज लपटों और धुएं के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। महिलाएं और बच्चे भयभीत होकर इधर-उधर भागते नजर आए। प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है। मौके पर राजस्व विभाग की टीम के पहुंचने की उम्मीद है, जो नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग आग लगने के कारणों को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
