रूस में बंधक बनाए गए रामपुर के युवक शावेद की दर्दनाक मृत्यु, सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने केंद्र सरकार से पार्थिव शरीर वापस लाने और न्याय की मांग की
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
जिला ब्यूरो चीफ उल्ला खान की रिपोर्ट
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रोजगार की तलाश में गए रामपुर के तहसील स्वार निवासी एक और भारतीय युवक की दुखद मृत्यु का समाचार सामने आया है। मजरा फतेहगंज के रहने वाले शावेद (पुत्र श्री दूल्हे हसन), जिन्हें धोखे से रूसी सेना में शामिल कर जंग के मैदान में झोंक दिया गया था, अब इस दुनिया में नहीं रहे। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
शावेद 18 जून 2025 को दिल्ली से रूस के लिए रोजगार हेतु रवाना हुए थे। उन्हें वहां एक होटल में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया था। वहां पहुँचने के बाद पहले उन्हें होटल और फिर सुरक्षा गार्ड (सिक्योरिटी गार्ड) की नौकरी दी गई। लेकिन कुछ ही समय बाद, उनकी इच्छा के विरुद्ध उन्हें रूसी सेना की वर्दी पहना दी गई और जबरन सीमावर्ती जंगलों में भेज दिया गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, रामपुर के सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने लगातार भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से संपर्क बनाए रखा था। सांसद ने व्यक्तिगत रूप से माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि शावेद को बंधक बनाकर रखा गया है, उन्हें पर्याप्त भोजन और पानी नहीं दिया जा रहा है और उनका परिवार गहरे मानसिक तनाव में है।
सांसद ने मांग की थी कि भारत सरकार अपने कूटनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर शावेद को सुरक्षित स्वदेश वापस लाए। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद शावेद की मृत्यु की खबर ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मांग की थी कि शावेद के पार्थिव शरीर को तत्काल रूस से भारत लाने के लिए विशेष विमान या कूटनीतिक व्यवस्था की जाए, ताकि परिजन उनका अंतिम संस्कार अपनी परंपराओं के अनुसार कर सकें।
पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है और उन्होंने अपना इकलौता सहारा खो दिया है। सरकार से मांग की गई है कि परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए।
सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा, “यह केवल एक युवक की मृत्यु नहीं है, बल्कि एक गरीब परिवार के सपनों की हत्या है। हम इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े है .यह जानकारी सांसद मीडिया प्रभारी एडवोकेट महबूब अली पाशा ने दी


