जिला संवाददाता -विशाल गुप्ता
बाराबंकी। कम्पोजिट विद्यालय पूरे जबर में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक कृष्ण मुरारी मिश्रा के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिसर में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद प्रधानाध्यापक, सहकर्मी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए सम्मान प्रकट किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता वह जीवनभर समाज को दिशा देता रहता है। उन्होंने कहा कि श्री मिश्रा ने अपने सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अनेक विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्रा ने उनके अनुशासन समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया तथा स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की। वहीं गांधी पंचायत इंटर कालेज के प्रधानाचार्य संतोष मिश्रा ने कहा कि कृष्ण मुरारी मिश्रा का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कुशलतापूर्वक दायित्व निभाए। उनका नम्र व्यवहार और कार्यकुशलता सदैव प्रेरणा देती रहेगी। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में श्री मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए और भावुक हो उठे।
कार्यक्रम में विवेक मिश्रा, आशुतोष वर्मा, विनीत शुक्ला, राकेश सिंह, देवेंद्र द्विवेदी, उमानाथ मिश्रा, नन्हे सिंह, आलोक शुक्ला, हनुमंत अवस्थी, लोकेश शुक्ला, ललित वर्मा, शिक्षिका वंदना सिंह, संदीप सिंह, अनिल सिंह सहित छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
