गोंडा- जिले की धानेपुर पुलिस ने बेलहरी गांव निवासी अवधी लोक गायिका ममता मिश्रा के पति संदीपन मिश्रा को देर रात अयोध्या से बरामद कर लिया। संदीपन ऑनलाइन गेम में करीब 15 लाख रुपये हारने और कर्ज के तनाव के चलते आत्महत्या का प्रयास करने के लिए घर से निकले थे।

सूत्रों के अनुसार, संदीपन मिश्रा ने दोपहर करीब 12:01 बजे अपनी पत्नी ममता मिश्रा को व्हाट्सएप पर संदेश भेजा था। इसमें उन्होंने बताया कि वह ऑनलाइन गेम में पूरी रकम हार चुके हैं और उन पर 10 से 15 लाख रुपये का कर्ज है। उन्होंने लिखा कि अब वे माफी के लायक नहीं हैं और जिंदा रहकर कुछ नहीं कर पाएंगे।
मेडिकल स्टोर जाने के बजाय हो गए लापता
संदेश भेजने के बाद संदीपन अपने मेडिकल स्टोर के लिए निकले, लेकिन वहां नहीं पहुंचे और अचानक गायब हो गए। परिजनों ने काफी तलाश के बाद धानेपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले भी संदीपन ने इसी तरह कर्ज लिया था, जिसे उनकी पत्नी ममता मिश्रा ने खुद चुकाया था। इस बार ऑनलाइन गेम में लगातार नुकसान होने से वह गहरे मानसिक तनाव में थे।
अयोध्या में आत्महत्या की कोशिश, पुलिस ने बचाया
पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद संदीपन ने बताया कि वह लगभग एक साल से ऑनलाइन गेम खेल रहे थे। पुराने नुकसान को भरने के प्रयास में वह और अधिक पैसे हारते चले गए। इसी तनाव में वह अयोध्या पहुंचे और आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि पुलिस टीम ने संदीपन को बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया से जुड़ा परिवार, खबर फैलते ही बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि ममता मिश्रा अवधी लोक गायिका होने के साथ सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं और परिवार के साथ कॉमेडी वीडियो बनाते हैं। संदीपन के लापता होने की खबर फैलते ही लोग लगातार परिवार से संपर्क कर जानकारी लेते रहे।
