गोंडा- ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बैनर तले मुख्यमंत्री को संबोधित जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

गोंडा- हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से हुई पत्रकार की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के बैनर तले पत्रकारों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही 15 दिन के भीतर ठोस कदम न उठाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार द्विवेदी और जिलाध्यक्ष प्रदीप तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने ज्ञापन में बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया। उन्होंने इसे प्रशासनिक विफलता करार देते हुए सात सूत्रीय मांगें रखीं।
इन मांगों में मृतक पत्रकार के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, जर्जर बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड कराना, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच शामिल हैं। साथ ही जांच टीम से पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को हटाने, पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, जनपद स्तर पर मासिक बैठक आयोजित करने और सूचना विभाग द्वारा पत्रकारों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
जिलाध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन गांधीवादी तरीके से धरना-प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार हितों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने भी कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम जरूरी हैं। ज्ञापन के दौरान जिले के विभिन्न तहसीलों से आए बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

बॉक्स
विद्युत विभाग को चेतावनी, दफ्तरों में तालाबंदी की भी चेतावनी

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप तिवारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन के साथ अधिकारियों के कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना से पत्रकार समाज को अपूरणीय क्षति हुई है और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए कड़े कदम उठाना आवश्यक है। मौके पर एसोसिएशन के महामंत्री बाग़ीश कुमार तिवारी तहसील अध्यक्ष राकेश दत्त राम पांडे श्रीनाथ रस्तोगी योगेश पांडे दीपक कौशल, राजकुमार कौशल जयदीप शुक्ला शिवकुमार पांडे अखिलेश त्रिपाठी मुन्नालाल पांडे हेमंत पाठक ज्ञानेंद्र चौधरी राज शुक्ला मोहनलाल चौहान जोगेंद्र प्रसाद राजकुमार सुनील कुमार शुक्ला पंकज पांडे विपिन तिवारी अतुल यादव आशीष श्रीवास्तव अशोक पाठक श्री प्रकाश शुक्ला ,एचपी श्रीवास्तव अजीत यादव सहित दर्जनों पत्रकार साथी मौजूद रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed