वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़ चैनल की खास रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश सरकार की ‘गन्ना सर्वेक्षण नीति 2026’ के सफल क्रियान्वयन के लिए बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, यूनिट-रौजागाँव में एक दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। गुरुवार को हुई इस कार्यशाला में जनपद अयोध्या की तीनों समितियों के सचिव, गन्ना विकास निरीक्षक, चीनी मिल के प्रक्षेत्र अधिकारी और सभी सर्वेक्षण कार्मिकों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण आगामी 1 मई से शुरू होने वाले ग्रामवार डिजिटल सर्वेक्षण के लिए था।

जिला गन्ना अधिकारी (अयोध्या), श्री राजेश्वर यादव ने बताया कि आगामी पेराई सत्र 2026-27 के लिए ग्रामवार गन्ना सर्वेक्षण कार्य 01 मई 2026 से 30 जून 2026 तक चलेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शुद्ध और सटीक सर्वेक्षण ही आगामी सत्र की सुगमता, सटीक उत्पादन अनुमान और किसानों की खुशहाली का आधार है। उन्होंने सभी सर्वेक्षकों से समयबद्ध और त्रुटिहीन डेटा संकलन की अपील की।

चीनी मिल के मुख्य गन्ना प्रबंधक, श्री दिनेश कुमार सिंह ने सर्वेक्षण की बारीकियों पर जानकारी दी और टीम का उत्साहवर्धन किया। आधुनिक तकनीक के उपयोग पर प्रकाश डालते हुए, आई.टी. हेड श्री अरुण ओझा ने जीपीएस (GPS) प्रणाली के माध्यम से डिजिटल गन्ना सर्वेक्षण की व्यावहारिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया, ताकि प्रत्येक खेत का सटीक मानचित्रण सुनिश्चित किया जा सके।

भीषण गर्मी को देखते हुए विभाग और मिल प्रबंधन ने सर्वेक्षकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा। प्रशिक्षण के दौरान सभी फील्ड कर्मियों को लू और गर्मी से बचाव के लिए ग्लूकोज, सफेद सूती गमछा और पानी की बोतलें वितरित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक (रौजागाँव) श्री कपिल कुमार दीक्षित और सचिव (गनौली) श्री अनिल कुमार ने सर्वेक्षण कार्य को सहजता और कुशलता से पूर्ण करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। अंत में, मुख्य गन्ना प्रबंधक श्री दिनेश कुमार सिंह ने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गन्ना विकास परिषद, सहकारी समितियों और चीनी मिल के सभी वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed