गोला खीरी।ब्लॉक बांकेगंज की न्याय पंचायत कुकरा सहित क्षेत्र की नौ ग्राम पंचायतों में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद न तो दवाइयों का छिड़काव कराया जा रहा है और न ही फॉगिंग की कोई व्यवस्था की गई है।

कुकरा,पहाड़पुर,मूड़ा खजुहा, सिकंदरपुर, ग्रंट नंबर 3, पहाड़नगर,खंजनपुर,जटपुरा और ढांका सहित कई गांवों में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। शाम ढलते ही मच्छरों का आतंक इतना बढ़ जाता है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि मच्छरों के कारण बुखार,डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। बावजूद इसके, जिम्मेदार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।

गांवों में जगह-जगह गंदगी के ढेर और जलभराव की स्थिति ने समस्या को और विकराल बना दिया है। नालियां जाम हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिससे मच्छरों के पनपने के लिए अनुकूल वातावरण बना हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। कुछ प्रधान और सचिव तो फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझते,जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से दवाइयों का छिड़काव,नियमित फॉगिंग और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके। साथ ही लापरवाह अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *