रिपोर्ट- पुनीत शुक्ला हरदोई

हरदोई। जिले में एक परिवार पर आई दुखद त्रासदी ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। ग्राम चांदा महमदपुर निवासी स्व. प्रताप शंकर तिवारी के पुत्र मनोज तिवारी का ब्रेन हैमरेज के चलते निधन हो गया। श्मशान घाट पर जब उनकी चिता सज रही थी, तब वहां मौजूद लोगों की नजरें बार-बार उनके मासूम बच्चों पर टिक जा रही थीं। सबसे मार्मिक दृश्य 6 वर्षीय शिवा का था, जो अपने पिता की पार्थिव देह को निहारते हुए बेसहारा नजर आ रहा था।

उसकी दो बड़ी बहनें रचना तिवारी और मुस्कान तिवारी भी पिता के निधन से पूरी तरह टूट चुकी थीं। बताया जा रहा है कि बच्चों की मां का साया पहले ही उठ चुका था और अब पिता के निधन के बाद तीनों बच्चे पूरी तरह असहाय हो गए हैं। परिवार आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा है और किराए के मकान में रह रहा था। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी एवं अधिवक्ता एडवोकेट सत्यम बाजपेयी बच्चों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर तीनों बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, भोजन, कपड़े और अन्य जरूरी खर्चों में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

एडवोकेट सत्यम बाजपेयी ने कहा कि यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि सभी मिलकर इन मासूम बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग दिवंगत मनोज तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वहीं, समाज के लोगों ने सत्यम बाजपेयी द्वारा उठाए गए इस मानवीय कदम की सराहना की है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *