मोहम्मदी खीरी। विकासखंड मोहम्मदी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरिया कप्तान में ग्रामीणों का आक्रोश उस समय खुलकर सामने आ गया जब गांव की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में गांव में विकास के नाम पर कोई ठोस कार्य नहीं कराया गया, जिसके चलते आज भी गांव की कई सड़कें कीचड़ और पानी से लबालब भरी रहती हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

गांव के लोगों ने नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि यदि जल्द सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो आने वाले चुनाव में “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गांव में सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत गांव की टूटी और पानी से भरी सड़कों में साफ दिखाई दे रही है। अब ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed