चार घंटे तक चला धरना-प्रदर्शन, तीन दिन में समाधान का आश्वासन मिलने पर स्थगित हुआ आंदोलन

मोहम्मदी खीरी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिला अध्यक्ष दिलबाग सिंह एवं युवा जिला अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह मोनू के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया।
किसान नेताओं ने एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए कई शिकायत पत्रों पर प्रशासन द्वारा कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की गई। किसानों ने विशेष रूप से नंदपुर रोड पर हो रहे अतिक्रमण सहित क्षेत्र की तमाम समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।


सुबह करीब 12 बजे शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन शाम 4 बजे तक लगातार जारी रहा। इस दौरान किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
किसान यूनियन की बढ़ती संख्या और आक्रोश को देखते हुए प्रशासन भी हरकत में आया। एसडीएम के निर्देश पर मौके पर नायब तहसीलदार को टीम के साथ नंदपुर रोड पर अतिक्रमण की जांच एवं कार्रवाई के लिए भेजा गया।
काफी देर चली वार्ता के बाद एसडीएम ने किसान नेताओं को तीन दिन के भीतर सभी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
इस मौके पर किसान यूनियन के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed