फतेहपुर बाराबंकी में बुधवार दोपहर आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन प्रभावित किया। इसी दौरान ग्राम चंन्दूरा में प्रकाश गौतम के घर के सामने वर्षों पुराना एक विशाल नीम का पेड़ जड़ समेत गिर गया। इस घटना में एक भैंस घायल हो गई और घर का छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण पेड़ काफी देर से झुक रहा था। अचानक जोरदार आवाज के साथ वह जमीन पर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से घर के सामने बंधी एक पैरा घायल हो गई, जबकि पास में रखा छप्पर भी क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायल भैंस को बाहर निकाला।
गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, उस दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ काफी पुराना और कमजोर हो चुका था, लेकिन समय रहते इसकी कटाई या छंटाई नहीं कराई गई थी।
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। तहसीलदार वैशाली अहलावत ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की सूचना मिल गई है। उन्होंने लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच कराने के निर्देशदिए हैं। तहसीलदार ने कहा कि नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।आंधी के कारण क्षेत्र में कई अन्य स्थानों पर भी पेड गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने और जर्जर पेड़ों की समय रहते छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
फतेहपुर से रवि रावत की रिपोर्ट
