रिपोर्ट-धर्मेन्द्र कसौधन
निचलौल-मिठौरा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पिछले कई दिनों से निर्धारित समय के अलावा भी बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली न रहने से घरों में रहने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन और रात में कई बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं व्यापारियों ने बताया कि लगातार बिजली कटौती के कारण उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा बना रहता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है, जहां लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से किसानों को सिंचाई कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खामी एवं रखरखाव कार्यों के चलते कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। टीम द्वारा समस्या के समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है और जल्द ही व्यवस्था को सुचारु कर दिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
