रामनगर बाराबंकी। ग्राम पंचायत गोंदौरा में सोमवार को नवनिर्मित अंत्येष्टि स्थल का लोकार्पण क्षेत्रीय सांसद तनुज पुनिया एवं विधायक फरीद महफूज किदवई द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

लोकार्पण समारोह में पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख अमर नाथ मिश्रा, ग्राम प्रधान शिवम् मिश्रा, गौरी शंकर पांडेय, श्री नारायण, मंगल पांडेय, विंध्य शरण पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद तनुज पुनिया ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अंत्येष्टि स्थल जैसी मूलभूत सुविधाएं गांवों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे लोगों को कठिन समय में सम्मानजनक व्यवस्था मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने गांव में सड़क, बिजली, पानी और अन्य विकास कार्यों को और गति देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के उपरांत सांसद एवं विधायक ने गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत कर क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी साझा कीं।
तेज बहादुर शर्मा
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।
