अनिल यादव मव‌ई अयोध्या एम डी न्यूज
पटरंगा थाना क्षेत्र के रानी मऊ चौराहे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पटरंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी राजबहादुर पुत्र कुंवर सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजबहादुर किसी कार्य से रानी मऊ चौराहे की ओर गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर हाईवे चौकी प्रभारी के साथ एसआई प्रशांत पांडे पुलिस टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसआई प्रशांत पांडे ने बताया कि मृतक की पहचान राजबहादुर पुत्र कुंवर सिंह निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed