हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और सादाबाद विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से प्रभावित किसानों की समस्याओं को बनाया गया है।
किसान नेताओं का कहना है कि सादाबाद-मुरसान मार्ग और सादाबाद-राया मार्ग के बीच से गुजर रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के कारण क्षेत्र के सैकड़ों गांव प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि उनकी सुविधाओं और आवागमन की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि किसानों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए पर्याप्त अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि गांवों का संपर्क बना रहे। साथ ही भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को उचित और बढ़ा हुआ मुआवजा दिए जाने की भी मांग की गई है।
किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाथरस से इमरान मलिक की खबर
