धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो

सिसवा बाजार (महराजगंज)। ग्राम सभा रामपुर खुर्द में विद्युत अव्यवस्था और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण ग्रामीणों की जान दांव पर लगी है। क्षेत्र में बिजली के खंभों (विद्युत पोल) का अभाव होने की वजह से कई परिवारों के बिजली कनेक्शन बांस-बल्लियों के सहारे चल रहे हैं। नीचे झूलते हाई-वोल्टेज तारों के कारण गांव में हर समय किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर आंधी, तूफान और बारिश के मौसम में यह समस्या जानलेवा हो जाती है और बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो जाती है।


​गांव की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए भाजपा प्रदेश परिषद सदस्य धर्मनाथ खरवार ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सिसवा बाजार को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल नए विद्युत पोल लगाने की मांग की है।
​सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से प्रभावित उपभोक्ताओं का जिक्र किया गया है, जिनमें शामिल हैं-बिंद्रावती,सुनकली,रेनू,प्रतिमा,इस्रावती,मंजुला, विमला देवी, लीलावती, तारा देवी ​इन सभी उपभोक्ताओं के घरों तक जाने वाली बिजली की लाइन बिना पोल के, अत्यंत असुरक्षित परिस्थितियों में पहुंच रही है।

​एसडीओ को पत्र सौंपने के बाद भाजपा नेता धर्मनाथ खरवार ने कहा कि डिजिटल इंडिया और निर्बाध बिजली के दौर में ग्रामीणों को इस तरह जान जोखिम में डालकर रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा:
​”ग्रामीणों की सुरक्षा और सुचारु विद्युत आपूर्ति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विभाग को तत्काल इस क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करना चाहिए और युद्धस्तर पर पोल लगाने का काम शुरू करना चाहिए।”


​उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्युत विभाग जनहित और सुरक्षा से जुड़े इस बेहद संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेगा और जल्द ही सकारात्मक कदम उठाकर ग्रामीणों को इस खतरे से निजात दिलाएगा।
​अब देखना यह है कि विद्युत विभाग इस पर कितनी तत्परता से संज्ञान लेता है, क्योंकि जरा सी भी लापरवाही यहां किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

36 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *