MD NEWS बहुआयामी समाचार
रोहित जैन दभेड़ी वाले
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर
जनपद बागपत के कस्बा बड़ौत में गत दिनों दो व्यापारी बंधुओं के साथ हुई हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। इसी क्रम में आज बड़ौत में एक विशाल शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोकसभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर कश्यप समाज बुढ़ाना की ओर से खाप चौधरी डॉ. सोनू कश्यप, पवन संगल, आशीष संगल, नितिन गोयल, अनुज जैन, अनिल जैन, राजेश संगल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की मांग की।

सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि व्यापारी समाज क्षेत्र की आर्थिक रीढ़ है और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने सरकार एवं प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने की भी मांग की।
शोकसभा का समापन दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के संकल्प के साथ हुआ। क्षेत्र के लोगों ने इस दुख की घड़ी में एकजुटता का परिचय देते हुए परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
MD NEWS बहुआयामी समाचार
सच्ची खबर, निष्पक्ष खबर
