अमेठी जनपद में सरकारी तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शाहगढ़ विकासखंड के गरथोलिया क्षेत्र में नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में की गई।

ग्राम पंचायत कपूरपुर के राजस्व गांव नौवाडीह स्थित पूरे दीनबंधु में गाटा संख्या 305 तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि अफरोज अली उर्फ राहुल पुत्र नजीर अली द्वारा इस सरकारी भूमि पर लगातार अवैध निर्माण कराया जा रहा था।
राजस्व विभाग के हल्का लेखपाल गौरव यादव, कुलदीप यादव, मनीष सरोज और भावना सिंह ने पूर्व में मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया था तथा संबंधित व्यक्ति को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। आरोप है कि दिन में काम बंद रखने के बाद रात के समय निर्माण कराया जा रहा था।
नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी के निर्देश पर जेसीबी मशीन के माध्यम से तालाब की भूमि पर किए गए पूरे अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मुंशीगंज थाना पुलिस एवं महिला पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
अमेठी प्रशासन की तरफ से तालाब, नाली और अन्य सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा हटाया जाएगा।
अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़
