BREAKING NEWS
बुढ़ाना की बेटी शगुन पांचाल ने किया कमाल, बॉक्सिंग में जीता स्वर्ण पदक, स्टेट के लिए हुआ चयन
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रोहित जैन दभेड़ी वाले
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर
बुढ़ाना/मेरठ
जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना की होनहार बेटी शगुन पांचाल ने मेरठ में आयोजित सब डिस्ट्रिक्ट लेवल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शगुन ने अपने दमदार खेल, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के बल पर प्रतियोगिता में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
इस शानदार उपलब्धि के साथ शगुन का चयन आगामी राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता (स्टेट चैंपियनशिप) के लिए भी हो गया है। शगुन, बुढ़ाना निवासी गौरव पांचाल की पुत्री तथा रविंद्र पांचाल (फौजी) की पौत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
क्षेत्र के गणमान्य लोगों, खेल प्रेमियों एवं सामाजिक संगठनों ने शगुन को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और शगुन ने भी यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
शगुन की इस ऐतिहासिक सफलता से बुढ़ाना का गौरव बढ़ा है। अब सभी की निगाहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां शगुन से एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
MD NEWS बहुआयामी समाचार परिवार की ओर से शगुन पांचाल को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

