बरेली। शहर के संजयनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक डीजे संचालक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गोसाईं गौटिया निवासी अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बरातघर में डीजे संचालक के रूप में कार्य करता था। सोमवार रात वह एक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे चार लोगों ने उसे रोक लिया। इसी दौरान एक आरोपी ने अर्जुन के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

मृतक के पिता राकेश मौर्य, जो राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव हैं, ने मोहल्ले के एक युवक समेत चार लोगों पर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी भी डीजे और बरातघर के कार्य से जुड़े हुए हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, पेशेगत प्रतिस्पर्धा या कोई अन्य विवाद तो कारण नहीं था।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि परिजनों द्वारा कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बनाए हुए है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *