एम डी न्यूज़ | लखनऊ
रिपोर्ट: मो. शाबान, ब्यूरो चीफ लखनऊ

लखनऊ। राजधानी के दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन जीआरपी मोड़ के पास शुक्रवार देर रात दो ई-रिक्शा/ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद दूसरा ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार, फरार चालक कथित रूप से नशे की हालत में था। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।
यह दुर्घटना एक बार फिर राजधानी में ई-रिक्शा चालकों की कार्यप्रणाली और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। शहर की सड़कों पर कई ई-रिक्शा चालक तेज गति से वाहन चलाते, ऊंची आवाज में गाने बजाते तथा यातायात नियमों की अनदेखी करते नजर आते हैं, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई स्थानों पर ई-रिक्शा चालक पुलिस चौकियों के सामने ही सड़क घेरकर सवारियां भरते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। लोगों का कहना है कि इन पर प्रभावी कार्रवाई न होने से इनके हौसले बुलंद हैं।
सूत्रों का यह भी दावा है कि कुछ स्थानों पर ई-रिक्शा संचालकों के कथित सरगना सक्रिय रहते हैं और पुलिस से उनकी नजदीकियों की चर्चाएं भी आम हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने के प्रयासों के बावजूद बड़ी संख्या में मानकों के विपरीत ई-रिक्शा सड़कों पर संचालित होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
जनहित में आवश्यक है कि संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
