
विनीत तिवारी एम डी न्यूज (लखीमपुर)
कस्ता विधानसभा क्षेत्र के बेहजम मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अजय शुक्ला (के.के.) ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा से लखनऊ में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बेहजम क्षेत्र के किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में अजय शुक्ला ने बताया कि विद्युत वितरण खंड द्वितीय बेहजम, तहसील मितौली, जनपद लखीमपुर खीरी के अंतर्गत आने वाले अनेक गांवों में लंबे समय से अनियमित बिजली आपूर्ति एवं लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है तथा पंखा, कूलर एवं अन्य आवश्यक विद्युत उपकरण सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस समस्या से किसान वर्ग सबसे अधिक प्रभावित है। पर्याप्त वोल्टेज न मिलने के कारण ट्यूबवेल एवं सिंचाई मोटरें सही ढंग से नहीं चल पा रही हैं, जिससे धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। समय पर सिंचाई न होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने की आशंका बनी हुई है।
अजय शुक्ला ने कहा कि क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मांग की कि बेहजम क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराकर बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मंडल अध्यक्ष द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने भी अजय शुक्ला (के.के.) द्वारा उनकी समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही बेहजम क्षेत्र को बिजली संकट से राहत मिलेगी।
