फतेहपुर से रवि रावत की रिपोर्ट
बाराबंकी में अपनी भाभी की बहन को भगा ले जाने के बाद उसे वापस घर छोड़ने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई, जब युवक बाइक से अपनी प्रेमिका को उसके घर बहराइच छोड़ने जा रहा था।
तभी जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर रामनगर थाना क्षेत्र में बहराइच रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक्क मोड़ पर टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक समेत टैंकर के बंपर के नीचे फंस गए और करीब 12 मीटर तक घिसटते चले गए।

युवती तो छिटककर दूर जा गिरी, लेकिन युवक पहिए के नीचे आकर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आज ही शादी होनी थी। चार दिन पहले वह अपने जीजा के छोटे भाई अनिकेत के साथ घर छोड़कर चली गई थी।
यह हादसा दुर्गापुर के आगे संजय सेतु के निकट एक तीव्र मोड़ पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहराइच की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अनिकेत (20), पुत्र रामसुमेर, निवासी छेदी पुरवा मजरे बटुरुहा, थाना पखरपुर, जनपद बहराइच की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी संतोषी वर्मा (20), पुत्री प्रेम कुमार वर्मा, निवासी रोशनलाल पुरवा, थाना पखरपुर, जनपद बहराइच गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पीआरबी-112 और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची।

एंबुलेंस के पायलट संतोष कुमार और ईएमटी राधेश्याम ने घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और बाइक को हाईवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। पुलिस ने बताया कि टैंकर (यूपी-32 ईएन-6515) और मोटरसाइकिल (यूपी-40 बीएल-7190) को कब्जे में ले लिया गया है। इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं।
![]()
