अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के रणवीर नगर गांव में बुधवार दोपहर एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान काजल (19 वर्ष), पुत्री अमर नाथ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार काजल मंगलवार रात करीब 11 बजे से घर से लापता थी।


बुधवार दोपहर उसका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर सफेदा के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतका की बहन ने आरोप लगाया है कि काजल की गांव के एक युवक से बातचीत होती थी और वह उसे अक्सर धमकाया करता था। परिजनों ने उक्त युवक की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

दिनेश कुमार गुप्ता एमडी न्यूज़ अमेठी

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *