जौनपुर से अच्छेलाल राजभर की रिपोर्ट

जौनपुर। कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग के 10 शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, स्पेशल एजुकेटर और रसोइयों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 5 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसे शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए भेजी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं पर ही करें।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद जौनपुर निपुण भारत योजना में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रत्येक माह अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों की प्रगति और अनुशासन पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *