MD न्यूज
महाराजगंज
रिपोर्ट स्वामीनाथ कुमार
महराजगंज पुलिस का सघन अभियान: 382 वाहनों का चालान, 84 गिरफ्तार, अवैध शराब व यूरिया खाद तस्करी पर कार्रवाई –
वाहन चेकिंग, पैदल गश्त, मिशन शक्ति और कानून-व्यवस्था अभियान के तहत जिलेभर में पुलिस की व्यापक कार्रवाई।
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद पुलिस ने 9/10 जुलाई 2026 को अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 382 वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन सीज किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न थानों की पुलिस ने 82 लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। वहीं धारा 129-जी बीएनएसएस में एक तथा पुलिस एक्ट के तहत 57 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त कर पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से संवाद स्थापित किया तथा बैंक, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा जांच भी की। साथ ही प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की गई।
थाना स्तर पर प्रमुख कार्रवाई
बरगदवा पुलिस ने 21 शीशी अवैध नेपाली शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया।
कोतवाली पुलिस ने 30 टेट्रा पैक ‘बंटी-बबली’ देशी शराब के साथ एक आरोपी को पकड़ा।
परसामलिक पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर 6 बोरी भारतीय यूरिया खाद और एक टेम्पो के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चौक पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की।
इसके अलावा लंबित मामलों के निस्तारण अभियान के तहत 11 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया। पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 84 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की।

