संदीप बाजपेई एम डी न्यूज़ रिपोर्टर फरधान
लखीमपुर खीरी। थाना फरधान क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोढ़ैय्या एवं कैमासुर के आसपास तेंदुआ होने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण शुरू कर दिया। टीम द्वारा मिले पैरों के निशानों के फोटो लेकर उनका मिलान किया जा रहा है, ताकि वन्यजीव की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके।

ग्रामीणों के अनुसार, एक गन्ने के खेत के अंदर एक कुत्ता मृत अवस्था में मिला, जिसके शरीर के कुछ हिस्से खाए हुए थे। प्रारंभिक तौर पर ग्रामीण इसे किसी हिंसक वन्यजीव के हमले से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि वन विभाग द्वारा अभी नहीं की गई है। यदि यह घटना तेंदुए या किसी अन्य हिंसक वन्यजीव से जुड़ी पाई जाती है, तो क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट न हो जाए, तब तक खेतों में अकेले न जाएं। खेतों में समूह बनाकर जाएं, विशेषकर सुबह और शाम के समय अधिक सावधानी बरतें। बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
