नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भागने की कोशिश में चली गोली; तमंचा और कारतूस बरामद

फतेहपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुष्कर्म और आईटी एक्ट जैसे गंभीर मुकदमे में वांछित आरोपी ओवैश रजा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचकर भागने की कोशिश आरोपी पर भारी पड़ गई और जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के मदारीपुर रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही धर दबोचा गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओवैश रजा पुत्र अनीस, निवासी अन्दौली, थाना राधानगर, जनपद फतेहपुर, उम्र लगभग 25 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ है।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0 333/2026 के तहत धारा 64/109(1)/115(2)/352/351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 67A आईटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज होना सामने आया है। पुलिस उसके अन्य संभावित आपराधिक इतिहास की भी गहन पड़ताल कर रही है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *