जर्जर भवनों और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान निवासी।
पुनर्निर्माण व मरम्मत की उठी मांग।

बाराबंकी। तहसील कॉलोनी बस स्टॉप स्थित कांशीराम कॉलोनी की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कॉलोनी में रहने वाले लोगों का आरोप है कि वर्षों से न तो भवनों की समुचित मरम्मत कराई गई और न ही साफ-सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान दिया गया। इससे लोगों को हर समय किसी बड़े हादसे और बीमारियों का डर बना रहता है।
कॉलोनी की निवासी सन्नो ने बताया कि उनके ब्लॉक की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। उनका कहना है कि भवन के सबसे ऊपरी हिस्से का छज्जा धीरे-धीरे टूटकर गिर रहा है, जिससे नीचे रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं आया। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था भी बेहद खराब है और सफाई कर्मचारी कभी-कभार औपचारिक रूप से सफाई कर चले जाते हैं। कॉलोनी की नालियां टूटी हुई हैं, कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि कॉलोनी की कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा छाया रहता है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है तथा सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
वहीं कॉलोनी निवासी रिहान ने बताया कि पेयजल व्यवस्था भी लंबे समय से प्रभावित है। उनके अनुसार कॉलोनी की पानी की टंकी काफी समय से बंद पड़ी है और अब सीधे पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमित साफ-सफाई नहीं होने से मच्छरों की संख्या बढ़ रही है, जिससे डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांशीराम कॉलोनी का निर्माण वर्षों पहले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया गया था। अब भवनों में जर्जरता, टूटी पाइपलाइन, खराब स्ट्रीट लाइट, जलभराव और गंदगी जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले चुकी हैं। लोगों ने मांग की है कि कॉलोनी का स्ट्रक्चरल ऑडिट (भवन की तकनीकी जांच) कराया जाए और आवश्यक मरम्मत, सुदृढ़ीकरण अथवा पुनर्विकास के साथ-साथ साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और नालियों की व्यवस्था भी तत्काल दुरुस्त कराई जाए।
निवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद और संबंधित विभागों से अपील की है कि हजारों लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए कॉलोनी का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

तेज बहादुर शर्मा
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *