नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

जीजा ने साले पर लगाया गोली मारने का आरोप, पुलिस जांच में उलझी गुत्थी
फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पीआरवी- को सूचना मिली कि चौफेरवा पुलिया के पास एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हुसैनगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित शुभम कुमार सोनी, निवासी बिलिंदा थाना थरियांव, ने आरोप लगाया कि उसके साले रोहित कुमार सोनी, निवासी अमिलिया पाल थाना हथगांव, ने उस पर गोली चलाई। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को भी बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए।
पुलिस जांच में सामने आया कि शुभम की शादी करीब पांच वर्ष पहले रितु सोनी से हुई थी। पिछले तीन महीने से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। पत्नी रितु सोनी ने पहले ही थाना हथगांव में शुभम और उसके माता-पिता के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा मामला परिवार न्यायालय में भी विचाराधीन है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को गोली मारने का लगाया गया आरोप प्रथम दृष्टया संदिग्ध और असत्य प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
