नगर पंचायत बिस्कोहर में अन्त्येष्टी स्थल पर हरिशंकरी वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
रिपोर्टर अनमोल श्रीवास्तव डुमरियागंज
सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड संख्या 05 अटल नगर स्थित अन्त्येष्टी स्थल पर शनिवार को हरिशंकरी वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अजय गुप्ता ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य अन्त्येष्टी स्थल को हराभरा बनाना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि अन्त्येष्टी स्थल जीवन की अंतिम यात्रा का स्थान होता है और यहां हरियाली विकसित करना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपहार है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पीपल, बरगद और पाकड़ जैसे छायादार एवं औषधीय महत्व वाले पौधे लगाए गए हैं, जो भविष्य में शुद्ध वातावरण, छाया और जैव विविधता को बढ़ावा देंगे।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में वृक्षारोपण अभियान चलाकर बिस्कोहर को हरित नगर पंचायत के रूप में विकसित करना है। साथ ही उन्होंने स्थानीय युवाओं एवं स्कूली बच्चों से पौधों की देखभाल और संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के पदाधिकारियों, स्थानीय नागरिकों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले यह स्थान सूना और बंजर दिखाई देता था, लेकिन अब इसे हराभरा बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास शुरू हो गए हैं।
इस अवसर पर अनूप पाण्डेय, विमल सिंह, संदीप यादव, रामनरेश पासवान, कन्हैया वरुण, रोहित गौतम, विनोद पासवान, पिंकू मोदनवाल, उत्तम शर्मा, राहुल नाई, उमेश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

