नरेश ओमर पत्रकार ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

चोरी करने वाला शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
फतेहपुर। जनपद के थाना हुसैनगंज व थाना चांदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए मंदिरों से पीतल के घंटे-घंटियों की चोरी करने वाले अंतरजनपदीय शातिर अभियुक्त महेश पुत्र जगतपाल, निवासी अजईपुर थाना खागा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में थाना हुसैनगंज और थाना चांदपुर क्षेत्र के कई मंदिरों से घंटियां चोरी करने की बात स्वीकार की गई। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कराने के लिए पुलिस टीम ग्राम नौगांव के पास नहर पुलिया के आगे पहुंची।
बरामदगी के दौरान अभियुक्त ने चोरी की घंटियों के झोले में छिपाकर रखे लोडेड अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने संयम और साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अभियुक्त के पैर में लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, मंदिरों से चोरी की गई 17 पीतल की छोटी-बड़ी घंटे-घंटियां, कटर, पेचकस, रिंच तथा कानपुर नगर के थाना रेलबाजार क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ फतेहपुर समेत अन्य जनपदों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पर जानलेवा हमले के मामले में थाना हुसैनगंज में अलग से मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *