MD न्यूज़
जिला महाराजगंज
रिपोर्टर स्वामीनाथ कुमार

महराजगंज: घर के बाहर सो रही महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, दो युवक हिरासत में –
सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका, देर रात हुए विवाद के एंगल पर पुलिस की जांच तेज –
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया गांव के टोला लंगड़ी में घर के बाहर खाट पर सो रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह महिला का शव खाट पर मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान रुखमणी (40) पत्नी शिव नारायण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात भोजन करने के बाद वह घर के बाहर खाट पर सो गई थीं। शुक्रवार सुबह परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिलीं।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार देर रात गांव के दो युवकों से रुखमणी का विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद दोनों युवकों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके कुछ घंटे बाद महिला मृत मिली, जिसके बाद परिजनों ने दोनों युवकों पर हत्या का आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि मृतका मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद परिवार के चार बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed