मुरादाबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुरादाबाद में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
ओवैसी ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी जैसे तालीमी (शैक्षणिक) संस्थानों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे हजारों छात्रों की शिक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के क्षेत्र में राजनीति की जा रही है और तालीमी इदारों को कमजोर करने का प्रयास हो रहा है।
अपने संबोधन में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब उन्हें आवाज़ उठानी चाहिए थी, तब वे चुप रहे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और समाजवादी पार्टी दोनों ने मुसलमानों और पिछड़े वर्गों के मुद्दों पर केवल राजनीति की है।
ओवैसी ने कहा कि AIMIM संविधान, शिक्षा और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में AIMIM मजबूती से चुनाव लड़ेगी और प्रदेश की राजनीति में अपनी प्रभावी हिस्सेदारी सुनिश्चित करेगी।
जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभा के दौरान ओवैसी के संबोधन पर समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और उनका जोरदार स्वागत किया।

