ब्लाक रिपोर्टर मनीष कुमार एमडी न्यूज़ सूरतगंज

सूरतगंज बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के हरक्का ग्राम पंचायत के संतनगर गांव में सोमवार सुबह 7 बजे एक युवक का शव खेत में बेरी के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची लालपुर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शौच के लिए गए ग्रामीण ने देखा शव
जानकारी के अनुसार संतनगर गांव निवासी छोटू गौतम (22) पुत्र रामदास का शव गांव से करीब 500 मीटर पश्चिम दिशा में स्थित एक खेत में बेरी के पेड़ से लटका मिला। सुबह शौच के लिए गए एक ग्रामीण की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
रविवार शाम घर से निकला था युवक
मृतक के बड़े भाई राकेश गौतम ने बताया कि छोटू रविवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। देर शाम खानपुर रेलवे स्टेशन से फोन आया कि छोटू एक नाबालिग लड़की के साथ स्टेशन पर मौजूद है और दोनों कहीं बाहर जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने पर वह लड़की के पिता के साथ स्टेशन पहुंचे और दोनों को समझाकर रात करीब तीन बजे घर वापस ले आए।
सुबह घर से गायब मिला, तलाश के दौरान मिली सूचना
परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो गए। सोमवार सुबह छोटू घर में नहीं मिला तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव से कुछ दूरी पर खेत में उसका शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने युवक को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
लालपुर चौकी प्रभारी उपेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि युवक के पेड़ से लटके होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
