एमडी न्यूज संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं
बिल्सी । नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल बिल्सी में आज दिनांक- 28/07/2026 को मंगलवार को पी.जी. से कक्षा II तक के विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान में ग्रैंडपेरेंट्स डे समारोह का भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच स्नेह, सम्मान एवं संस्कारों के अटूट रिश्ते को और अधिक सुदृढ़ करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय चेयरपर्सन श्रीमती कमलेश वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय, कृति वार्ष्णेय, विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने दीप प्रज्वलन कर किया | विद्यालय परिसर में पधारे सभी दादा-दादी एवं नाना-नानी का विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत, नृत्य एवं स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से अपने प्रिय बुजुर्गों के प्रति प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में परिवार के विभिन्न सदस्यों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को सुदृढ़ करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों से भी जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया तथा उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना की। पूरे समारोह का वातावरण प्रेम, अपनत्व, उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव से सराबोर रहा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी एवं समस्त स्टाफ अभिभावक उपस्थित रहे।
