जौनपुर ! 28 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, ऊर्जा एवं जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने मंगलवार को जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में बरसात, श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई, सड़क और स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।


प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं नगर निकायों को जलभराव रोकने, नालों-नालियों की नियमित सफाई, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से कराने को कहा।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को सभी कांवड़ मार्गों पर बिजली के पोल और तारों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उर्वरक की उपलब्धता, पशुओं के टीकाकरण और नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी दूर करने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में विधायक डॉ. आर.के. पटेल, पूर्व विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *