SC प्रमाणपत्र जारी करने की मांग को लेकर निषाद पार्टी ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
महोबा। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के पदाधिकारियों ने बुधवार को चरखारी विधानसभा के विधायक को ज्ञापन सौंपकर शासनादेशों के अनुरूप पात्र जातियों के अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि शासन द्वारा जारी अधिसूचनाओं एवं आदेशों के बावजूद कई पात्र लोगों को अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे आरक्षण सहित अन्य सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से वंचित हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने मांग की कि शासनादेशों का कड़ाई से पालन कर पात्र लोगों को शीघ्र एससी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संबंधित जातियों को अन्य राज्यों में अनुसूचित जाति का लाभ मिल रहा है, इसलिए उत्तर प्रदेश में भी शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पदाधिकारियों ने विधायक से इस मुद्दे को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने और शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान निषाद पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
रिपोर्ट:
अरबाज हाशमी
जिला ब्यूरो चीफ, एमडी न्यूज़

