ब्लाक प्रमुख राजीव तिवारी ने किया सम्मानित

अनिल यादव मवई अयोध्या एम डी न्यूज
रूदौली तहसील के मवई ब्लॉक के पूरे मुरली गांव स्थित बाबा शिव चरन दास शंभू दत्त मेमोरियल इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र प्रदीप यादव के उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) पद पर चयनित होने पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी ने उन्हें माल्यार्पण कर ट्रॉफी भेंट की। ग्राम पटरंगा निवासी प्रदीप ने प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई इसी संस्था से की। वर्ष 2017 में बीए फाइनल के दौरान मध्य प्रदेश पुलिस में सिपाही बने और 2020 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर चयनित होकर बहराइच में तैनात हुए। नौकरी के साथ तैयारी जारी रखते हुए वर्ष 2026 की एसआई भर्ती में 4,500 पदों पर 694वीं रैंक हासिल कर सफलता प्राप्त की। राजीव तिवारी ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं तथा प्रदीप की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। समारोह में शिक्षकों, छात्र – छात्राओं और गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
