रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा

बदायूं: 29 जुलाई। जनपद में बुधवार को नवागत जिला सूचना अधिकारी का आगमन हुआ। जनपद बिजनौर से जिला बदायूं में सम्बद्ध किए गए जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार ने बुधवार को जिला सूचना कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने कार्यालय के विभागीय कार्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
नवागत जिला सूचना अधिकारी ने कहा कि शासन एवं सूचना विभाग की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सरकार की उपलब्धियों का प्रभावी एवं समयबद्ध प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कार्यालयीय कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ संपादित करने तथा जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की सूचनाओं को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल माध्यमों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शासन एवं जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर प्रभावी ढंग से किया जाएगा। उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने की अपेक्षा की। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
