एमडी न्यूज़ से संवाददाता जितेंद्र कुमार गौतम व कैमरामैन सुमन भारती की रिपोर्ट!

सावन के पहले दिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अखमल खान ने कराई विशेष बैरिकेडिंग
बरेली। श्रावण मास के प्रथम दिन बाबा श्री तपेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। कांवड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुभाष नगर स्थित बाबा श्री तपेश्वर नाथ मंदिर मार्ग से लेकर बदायूं रोड तक विशेष सुरक्षा व्यवस्थाएं की गईं।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अखमल खान के निर्देशन में बदायूं रोड पर खुले डिवाइडरों के पास बैरिकेडिंग कराई गई, जिससे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे तथा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
इसके साथ ही बिजली विभाग ने भी सुरक्षा के मद्देनज़र मार्ग पर स्थित बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों को पन्नी से ढककर सुरक्षित किया, ताकि बारिश के दौरान करंट फैलने जैसी किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके।
प्रशासन द्वारा किए गए इन व्यापक इंतज़ामों से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का लाभ मिल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
