वाराणसी से संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद

वाराणसी। सावन माह में कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को शाम मडुवाड़ीह क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मडुवाड़ीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा तथा क्राइम इंस्पेक्टर विद्यासागर शुक्ला ने मडुवाड़ीह चौराहे एवं आसपास के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।अधिकारियों ने मडुवाड़ीह चौराहे से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
