जिला प्रशासन ने सावन के सोमवार को लेकर शिक्षण संस्थानों में किया अवकाश घोषित।
एम डी न्यूज़
बरेली जिले में सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। कांवड़ियों की भारी भीड़, सुचारू यातायात व्यवस्था और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, प्रशासन ने सावन के प्रत्येक सोमवार को बरेली महानगर के सभी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। बरेली महानगर के अंतर्गत आने वाले यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई सहित सभी बोर्डों के विद्यालय, क्षेत्र के सभी डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थान, व शहर के दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों पर यह आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में बताया गया है कि सावन के सोमवार को विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए कांवड़ियों व श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ता है। इस दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर जाम और भारी भीड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे माहौल में स्कूली बच्चों को आवागमन में न केवल भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है, बल्कि दुर्घटना का अंदेशा भी बना रहता है। बच्चों की इसी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
रिपोर्टर गौरव सक्सेना एम डी न्यूज़ बरेली।

