MD NEWS बहुआयामी समाचार
गोंडा रिपोर्टर मदन लाल

गोण्डा 03 अगस्त,2026।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” की तैयारियों के संबंध में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों तथा कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार “हर घर तिरंगा अभियान” का आयोजन जनपद में 09 अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
विद्यालयों, कार्यालयों एवं ग्राम पंचायत स्तर तक होंगे विविध कार्यक्रम, तिरंगा यात्रा में गूंजेगा ‘वन्दे मातरम्’
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत सभी विद्यालयों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, विभिन्न संस्थाओं तथा जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम पूरी गरिमा, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया जाए। तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के लिए ‘वन्दे मातरम्’ का गीत भी बजाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ सके।
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग की रैंकिंग में अपेक्षित सुधार नहीं होता है अथवा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय एवं दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जनशिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *