बरेली में कांवड़ यात्रा में महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस, बरेली परिक्षेत्र में बने 49 मिशन शक्ति सहायता केंद्र
Md न्यूज़ से जितेंद्र कुमार गौतम व सुमन भारती कि रिपोर्ट
शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस का सुरक्षा कवच, चार जिलों में 82 मिशन शक्ति केंद्रों की तैयारी

जनपद बरेली में 2 अगस्त श्रावण मास की पवित्र कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से बरेली परिक्षेत्र पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। विशेष रूप से महिला कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत जनपदों में ‘मिशन शक्ति सहायता केंद्र’ स्थापित किए गए हैं।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र के निर्देशन में अब तक चारों जनपदों में कुल 49 मिशन शक्ति सहायता केंद्र संचालित किए जा चुके हैं। इन केंद्रों के माध्यम से महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, आपातकालीन सहायता तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सहायता केंद्रों पर महिला हेल्पलाइन 112, 1090 और 181 की जानकारी भी दी जा रही है, वहीं खोई हुई महिलाओं एवं बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है।

इसके अलावा महिला पुलिस कर्मियों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त और निगरानी रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचाने में भी सहयोग किया जा रहा है।

पुलिस यातायात नियमों और जनसुरक्षा संबंधी सुझाव देकर सुरक्षित यात्रा के लिए भी लोगों को जागरूक कर रही है। परिक्षेत्र में कुल 82 मिशन शक्ति सहायता केंद्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं।

इनमें से शेष केंद्रों को भी तेजी से तैयार कर जल्द ही संचालन में लाया जाएगा। जनपदवार स्थिति के अनुसार बरेली में 20, बदायूं में 9, शाहजहांपुर में 12 और पीलीभीत में 8 सहायता केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं।

बरेली परिक्षेत्र पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस आमजन एवं शिवभक्तों की निर्बाध सेवा तथा सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *