MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

फतेहपुर। भारतीय दोसर वैश्य महिला इकाई और दुर्गा बक्काल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पक्का तालाब परिसर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बेल का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को पौधों के संरक्षण व नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा, “वृक्ष धरा के गहने हैं। ये पर्यावरण को स्वच्छ रखकर हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। जब तक वृक्ष हैं, तभी तक मानव जीवन सुरक्षित है।” उन्होंने स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए हर नागरिक से पौधरोपण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
दुर्गा बक्काल ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी सतीश गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधों को रोपने के साथ-साथ उन्हें वटवृक्ष बनने तक सहेजना हम सभी का सामाजिक उत्तरदायित्व है। वहीं, महिला इकाई की जिलाध्यक्ष कविता गुप्ता ने बढ़ते प्रदूषण के बीच वृक्षारोपण को वरदान बताते हुए पर्यावरण संतुलन पर बल दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भारतीय दोसर वैश्य महासमिति के जिलाध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता ने किया। इस अवसर पर महासमिति के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता, सभासद सुनील गुप्ता, शैलेंद्र शरन गुप्ता, राम स्वरूप गुप्ता, मनीष गुप्ता, मनीषा गुप्ता, पूनम गुप्ता, सीमा गुप्ता, अर्चना गुप्ता और नम्रता गुप्ता सहित भारी संख्या में संस्था के पदाधिकारी व समाजसेवी उपस्थित रहे।
