एमडी न्यूज ब्यूरों गोंडा

गोण्डा- जनपद में यूरिया और डीएपी खाद के लिए साधन सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। यूपी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के गोंडा में छापेमारी के बावजूद भी स्थिति में सुधार नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा किए जाने के बावजूद, किसान सुबह से शाम तक लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। मंगलवार सुबह 11:20 बजे की भी कुछ तस्वीर निकाल कर सामने आई है जहां साधन सहकारी समिति माधवगंज में बरसात के बीच भी लोग भीगते हुए यूरिया खाद के लिए लाइन में लगे हुए हैं। वहीँ मुजेहना विकास खंड के रेतवागाड़ा साधन सहकारी समिति में ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं थी जहां भारी बारिश के बीच भी किसान खाद के लिए डटे रहे। सोमवार को दोपहर 2 बजे रेतवागाड़ा समिति पर यूरिया खाद पाने के लिए महिला और पुरुष किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। देर शाम तक महिलाएं लाइन में लगी रहीं, इसी दौरान मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। महिलाएं छाते और घर से लाई गई पन्नियों का सहारा लेकर खुद को बारिश से बचाती दिखीं।
मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक सकी इंतजार।

सोमवार व्रत के बाद भी महिलाएं लाइन में

कई महिलाएं सावन का पहला सोमवार व्रत रखते हुए भी खाद के लिए कतार में खड़ी थीं। हालांकि कल देर शाम तक लाइन में लगने के बावजूद कई महिलाओं को यूरिया खाद नहीं मिल पाई और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
समिति में 1045 बोरी यूरिया पहुंची थी, जिसमें से 700 से अधिक बोरियों का वितरण किया गया। भीड़ और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। समिति सचिव दिवाकर तिवारी ने बताया कि बारिश के बावजूद खाद का वितरण जारी रखा गया, क्योंकि किसानों को खाद मिलना आवश्यक था।
कृषि मंत्री छापेमारी के बावजूद भी स्थिति में सुधार नहीं

गोंडा जिला कृषि अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिले में यूरिया खाद उपलब्ध है जहां भी दिक्कतें आ रही है वहां पर समाधान कराया जा रहा है। यूरिया खाद वितरण के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है उनकी देखरेख में भी लगातार वितरण कराया जा रहा है कहीं कोई लापरवाही आई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

17 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *